अररिया: जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अररिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक को 101 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक विधि-विरुद्ध किशोरी को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को अररिया थाना क्षेत्र के सेरिसिया-शिरसिया मालगोदाम रोड, कैप्टन के समीप पुलिस टीम द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान काले-नीले रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 101 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान मो. मकदूर, उम्र करीब 32 वर्ष, पिता एम. फारूक, निवासी झौकड़ा वार्ड नंबर-08, थाना अररिया, जिला अररिया के रूप में हुई है।
छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने का आरोप
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्मैक खरीदकर उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक की सप्लाई कहां से हुई थी और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ अररिया थाना में वर्ष 2024 और 2026 में भी मामले दर्ज रहे हैं।
NDPS Act के तहत मामला दर्ज
मामले में अररिया थाना कांड संख्या 189/26, दिनांक 11 अगस्त 2026 के तहत NDPS Act की धारा 8(c)/21(c)/25 तथा BNS की धारा 111(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने कार्रवाई में 101 ग्राम स्मैक और एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अररिया में सक्रिय नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
