कुर्साकांटा। अररिया जिले के कुर्साकांटा प्रखंड की हरिरा पंचायत के वार्ड संख्या-2 में बीती रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते तबाही मचा दी। आग की चपेट में आने से 11 परिवारों के 11 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। अगलगी में घरों में रखा धान, पटवा, अनाज, कपड़े, बर्तन, साइकिल, मवेशी समेत लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आग पर काबू पाने के लिए ग्रामीणों ने पास के पोखर से पानी निकाला और चार होंडा मोटर की मदद से घंटों मशक्कत की। काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।
11 परिवारों के आशियाने खाक
अगलगी में सत्यदेव मंडल, वीरेंद्र मंडल, रमन मंडल, झूमरलाल मंडल, विकेश चौधरी, मनोज चौधरी, जितेंद्र चौधरी, सुरेंद्र चौधरी और जीतमन चौधरी समेत कुल 11 परिवार प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि अगलगी में करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
सत्यदेव मंडल को सबसे ज्यादा नुकसान
बताया गया कि अगलगी में सत्यदेव मंडल का परिवार सबसे अधिक प्रभावित हुआ। उनके दो गाय और दो बछड़े आग की चपेट में आ गए। इसके अलावा करीब 10 क्विंटल पटवा, दो कुदाल, दो साइकिल, मकान और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, सभी 11 परिवारों का मिलाकर करीब 100 क्विंटल पटवा और अन्य सामान जलने की बात सामने आई है।
प्रशासन ने शुरू की नुकसान की जांच
घटना की सूचना शनिवार सुबह कुर्साकांटा अंचल प्रशासन को दी गई। सूचना मिलने के बाद पंचायत कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अगलगी से हुए नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार की।
घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत समिति सदस्य इंदु भूषण मंडल उर्फ मुन्ना मंडल, प्रेमराज चौहान, रजनीकांत बिस्वास समेत कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अग्निपीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
फिलहाल, इस अगलगी के बाद 11 परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है। ग्रामीण प्रशासन से जल्द राहत और मुआवजे की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
