फारबिसगंज:स्थानीय पाई वर्ल्ड और पाई किड्स प्ले स्कूल में आयोजित इन्वेस्टिचर सेरेमनी में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि रोजगार सृजन की क्षमता विकसित करना होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के विभिन्न हाउस के चयनित कैप्टन, वाइस कैप्टन एवं अन्य छात्र-छात्राओं को बैच प्रदान कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
स्कूल पहुंचने पर अतिथि का स्वागत निदेशक कार्तिक सिंह एवं अन्य गणमान्य लोगों ने बुके देकर किया। इसके बाद छात्रों द्वारा आकर्षक परेड और बैंड की धुन के साथ उन्हें मंच तक लाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें नगर परिषद की उप मुख्य पार्षद नूतन भारती, जदयू नेत्री संचिता मंडल, मुखिया प्रतिनिधि कफिल अंसारी, वाहिद अंसारी सहित अन्य उपस्थित गणमान्य लोग शामिल रहे।
अपने संबोधन में आईपीएस विकास वैभव ने बिहार के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों ने बिहार को विश्व में शिक्षा का केंद्र बनाया। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे कभी खुद को कमजोर न समझें और हीन भावना से दूर रहें।
उन्होंने कहा कि बिहार में उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं और युवाओं को जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। “लेट्स इंस्पायर बिहार” अभियान के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्यमिता के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं, जिसमें लाखों लोग जुड़े हुए हैं।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल की प्रिंसिपल ने संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मौके पर कई अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
पाई वर्ल्ड स्कूल में इन्वेस्टिचर सेरेमनी | IPS विकास वैभव का बड़ा संदेश
byPi Express News
•



