सिकटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई मुरारीपुर मोमीन टोला के पास पक्की सड़क पर वाहन जांच के दौरान की गई।
पुलिस ने बताया कि जांच के क्रम में एक मोटरसाइकिल को रोका गया, जिस पर सवार मो. नसीम (27 वर्ष), पिता- मो. समीरुद्दीन, निवासी मुरारीपुर, वार्ड नंबर-2, थाना सिकटी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भारी मात्रा में दवाइयां बरामद हुईं।
पुलिस के मुताबिक बरामद सामान में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड कैप्सूल के 14,700 नग तथा डाइसाइक्लोमिन हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट IP 20 MG के 14,500 नग शामिल हैं।
मोटरसाइकिल भी जब्त
दवाओं के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस के अनुसार वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 19V 1165 है। इसका चेचिस नंबर OME4JC941DPG004208 और इंजन नंबर JC94EG0019354 बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय में उपस्थापन के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशीली दवाओं के अवैध परिवहन के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है कि बरामद दवाओं की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुं चाया जाना था।

