अररिया में श्रमिक दिवस पर सम्मान समारोह, सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने बढ़ाया श्रमिकों का उत्साह
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर अररिया जिले के कुर्साकांटा प्रखंड अंतर्गत लक्ष्मीपुर पंचायत भवन में एक महत्वपूर्ण संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के माननीय सांसद श्री प्रदीप कुमार सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने श्रमिक साथियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर मंच संचालन भाजपा सोशल मीडिया के जिला संयोजक नृपेन कुमार सिंह द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में सांसद श्री प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि श्रमिक वर्ग राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा, “श्रमिकों का परिश्रम, ईमानदारी और समर्पण ही देश की विकास यात्रा को गति देता है। जितना सशक्त हमारा श्रमिक वर्ग होगा, उतना ही मजबूत हमारा देश और समाज होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि श्रमिकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह सरकार और समाज की निरंतर प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास कार्यक्रमों और रोजगार के अवसरों को लगातार बढ़ा रही है।
कार्यक्रम में सांसद रेल प्रतिनिधि राजा मिश्रा, लक्ष्मीपुर के मुखिया मंचीत ततमा एवं प्रदीप यादव ने भी सरकार द्वारा संचालित “विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन - ग्रामीण” जैसी योजनाओं की जानकारी दी और श्रमिकों की भूमिका को देश के विकास का प्रमुख आधार बताया।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य नछद्र सादा, जिला महामंत्री आकाश राज, सरपंच रामजी सादा, विरेंद्र यादव, अमर यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। साथ ही आफरोज आलम, तोसिफ आलम, सतीश यादव एवं अनवर आलम समेत दर्जनों श्रमिकों की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।
अररिया में श्रमिक दिवस पर सम्मान समारोह, सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने बढ़ाया श्रमिकों का उत्साह
byPi Express News
•




