अररिया, 24 मई 2026 — 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) अररिया द्वारा “फिट इंडिया मूवमेंट” के अंतर्गत “संडे ऑन साइकिल” रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री मितुल कुमार, कमांडेंट, 52वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, अररिया के निर्देशन में आयोजित किया गया।
साइकिल रैली का शुभारंभ वाहिनी मुख्यालय, अररिया से किया गया, जो बस स्टैंड अररिया, महादेव चौक एवं नहर रोड मार्ग से होते हुए पुनः वाहिनी मुख्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस जन-जागरूकता एवं स्वास्थ्य प्रेरणा अभियान का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों और युवाओं को शारीरिक फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता एवं नियमित व्यायाम के प्रति प्रेरित करना था।
रैली के दौरान बल कार्मिकों ने “स्वस्थ शरीर – सशक्त राष्ट्र” एवं “फिट रहें – हिट रहें” जैसे प्रेरणादायी संदेशों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम को लेकर शहरवासियों में भी उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर कमांडेंट श्री मितुल कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जीवनशैली को भी बढ़ावा देती है। उन्होंने युवाओं एवं ग्रामीणों से नियमित व्यायाम और फिटनेस गतिविधियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में श्री पी. नुपजाओ सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी, श्री उदय कुमार, उप कमांडेंट, श्री प्रमोद कुमार, सहायक कमांडेंट, निरीक्षक कँवर लाल सहित अन्य बल कार्मिक उपस्थित रहे। सभी जवानों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ रैली में भाग लेकर फिट इंडिया मूवमेंट को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अररिया में SSB की “संडे ऑन साइकिल” रैली आयोजित, फिट इंडिया मूवमेंट को मिला बढ़ावा
byPi Express News
•


