अररिया, 27 जुलाई 2026: बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अररिया मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध अधीक्षक निरंजन कुमार झा को गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज की ओर से फारबिसगंज की तरफ विदेशी शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने अररिया जीरो माइल के पास वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान BR01E-7752 नंबर की एक स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में डिक्की और पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई Officer's Choice Original Whisky की 180 एमएल की 1,392 बोतलें, यानी कुल 250.560 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
मौके से वाहन चालक गुड्डू कुमार (बालक) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि शराब की खेप पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्र से लोड कर बिहार लाई जा रही थी। बरामद शराब पर "For Sale in West Bengal Only" अंकित पाया गया।
उत्पाद विभाग ने स्कॉर्पियो वाहन, बरामद शराब और अन्य आवश्यक सामग्री जब्त कर आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।

