कुर्साकांटा (अररिया), कुर्साकांटा प्रखंड के पीएम श्री उच्च विद्यालय कुआरी में शनिवार को प्रधानमंत्री पोषण योजना (मध्याह्न भोजन) के तहत कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए मध्याह्न भोजन की शुरुआत की गई। पहले दिन निर्धारित मेनू के अनुसार विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन परोसा गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
विधायक ने बच्चों को परोसा भोजन
योजना का शुभारंभ स्थानीय विधायक विजय कुमार मंडल ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसकर किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सके।
पहले दिन निर्धारित मेनू के अनुसार मिला भोजन
विद्यालय प्रशासन की ओर से पहले दिन सभी विद्यार्थियों को निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भोजन ग्रहण किया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि योजना का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में रहे कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संयम राज, कुआरी पंचायत की मुखिया श्रीमती वीणा देवी, प्रधानाध्यापक विपिन कुमार, जिला परिषद सदस्य रघु सिंह, प्रणव गुप्ता, पवन साह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिक्षकों की रही सक्रिय भागीदारी
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक आलोक कुमार, मोहन लाल सरदार, नुनुलाल मंडल, राजेन्द्र कुमार, स्नेह किरण, शशिपूर्ण आजाद, सविता सिंह, मो. रेहान, स्वनिल सौरव, कुमार सुंदरम, संजीव कुमार, अतुल आनंद, ऋषभ चौधरी, मुकेश कुमार, अर्जुन कुमार एवं ललिता कुमारी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
बच्चों की उपस्थिति बढ़ने की उम्मीद
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि मध्याह्न भोजन योजना से बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी। साथ ही कुपोषण की समस्या को कम करने और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा में सकारात्मक सुधार आने की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने सरकार की पहल का किया स्वागत
कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि विद्यालय में पौष्टिक भोजन मिलने से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी इसका लाभ मिलेगा।



