कुआड़ी में रक्तदान का महाअभियान: 51 युवाओं ने किया रक्तदान, SSB जवानों ने पेश की इंसानियत की मिसाल

Image

 किसी की जिंदगी बचाने निकले 51 युवा, कुआड़ी में गूंजा इंसानियत का संदेश

“खून की हर बूंद किसी की सांस बन सकती है, इंसानियत की यही छोटी-सी कोशिश किसी की जिंदगी बचा सकती है।”



कुआड़ी, अररिया। रविवार को एपीएचसी कुआड़ी परिसर में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां लाइफ सेवियर फाउंडेशन बिहार के बैनर तले आयोजित रक्तदान शिविर में 51 युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर इंसानियत की मिसाल पेश की। खास बात यह रही कि इस नेक पहल में एसएसबी जवानों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई।


रक्तदान शिविर का उद्घाटन एसएसबी 52वीं वाहिनी कुआड़ी कंपनी के असिस्टेंट कमांडेंट किशन कुमार, पैक्स अध्यक्ष भवेश कुमार राय, बीस सूत्री अध्यक्ष गणेश शंकर राय, क्लब की सचिव निशा गुप्ता, भाजपा युवा नेता जोशी कुमार मंडल और लाइफ सेवियर फाउंडेशन के अध्यक्ष रितेश राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया।


शिविर में युवाओं ने बिना किसी स्वार्थ के रक्तदान किया। किसी ने इसे सिर्फ एक सामाजिक कार्यक्रम माना, तो किसी ने अपनी एक यूनिट रक्त को किसी अनजान जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का जरिया समझा।

“रिश्ते खून से ही बनते हैं, लेकिन खून देकर किसी अनजान को बचाना इंसानियत की पहचान है।”

आयोजकों के मुताबिक, शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना है।

रक्तदान करने वाले सभी युवाओं को लाइफ सेवियर फाउंडेशन की ओर से मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर डॉ. प्रिया कुमारी आनंद ने कहा कि रक्तदान महादान है। हर स्वस्थ व्यक्ति को जरूरतमंदों की मदद के लिए रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। वहीं असिस्टेंट कमांडेंट किशन कुमार ने युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व सरपंच राजनारायण निराला, सरपंच पूजा देवी, राघव गुप्ता, युगल गुप्ता, दिवाकर साह, विकास गुप्ता, मुरारी गुप्ता, गोविंद साह, बिनोद चौधरी, राधेश्याम साह, सुभाष सिंह, अरुण सिंह, संतोष भगत, डॉ. जगदीश, रवि कुमार, अभिषेक चौहान, सरदार मिट्ठू सिंह, ऋषि यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।

कुआड़ी का यह रक्तदान शिविर सिर्फ 51 यूनिट रक्त संग्रह करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने एक बड़ा संदेश भी दिया—जरूरत के वक्त किसी की जिंदगी बचाने के लिए हमेशा अपना कोई होना जरूरी नहीं, इंसान होना ही काफी है।

Image
और नया पुराने
https://cdnjs.cloudflare.com/ajax/libs/smoothscroll/1.4.10/SmoothScroll.js